चेन्नई, 11 अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से चेन्नई मेट्रो रेल के तीसरे चरण को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया, ताकि एयरपोर्ट-किलांबक्कम और पूनामल्ली-सुंगुवरचत्रम जैसे इलाकों तक कनेक्टिविटी बढ़ाई जा सके।
इसके अलावा, उन्होंने कर्नाटक में होसुर को बोम्मासंद्रा से जोड़ने वाली एक अंतरराज्यीय लाइन का प्रस्ताव किया और कोयंबटूर तथा मदुरै मेट्रो रेल परियोजनाओं पर फिर से विचार करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
यहां कई परियोजनाओं के उद्घाटन के मौके पर, मुख्यमंत्री ने चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण (पूनमल्ली से वडापलानी तक) का उद्घाटन करने और राज्य की अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।
विजय ने 2026 के केंद्रीय बजट में हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा का स्वागत किया और चेन्नई से कन्याकुमारी तथा चेन्नई से कोयंबटूर के बीच नया गलियारा बनाने का अनुरोध किया।
उन्होंने कई प्राथमिकता वाली सड़क परियोजनाओं का भी जिक्र किया, जिनमें प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों को छह-लेन का बनाना शामिल है।
जल संसाधनों के मामले में, विजय ने गोदावरी-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना को राष्ट्रीय प्राथमिकता बताते हुए इस बात पर जोर दिया कि राज्यों के बीच जल के न्यायसंगत बंटवारे के लिए नदियों को आपस में जोड़ना जरूरी है।
इसके अलावा, उन्होंने मद्रास उच्च न्यायालय की कार्यवाही के लिए तमिल को मुख्य भाषा बनाने की मांग की और एसएसए योजना के तहत 5,110 करोड़ रुपये की बकाया केंद्रीय धनराशि को बिना शर्त जारी करने का अनुरोध किया।
भाषा सुभाष नेत्रपाल
नेत्रपाल