मथुरा, 11 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा और अलीगढ़ के बीच रेल संपर्क बेहतर बनाने के प्रयासों के तहत रेलवे, उत्तर पूर्व रेलवे के मथुरा-कासगंज खंड पर मेडू जंक्शन के रास्ते प्रस्तावित मथुरा-अलीगढ़ रेल लाइन का अंतिम स्थल सर्वेक्षण कर रहा है।
मथुरा से लोकसभा सदस्य हेमा मालिनी के प्रतिनिधि ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह प्रस्ताव हेमा मालिनी ने 14 सितंबर को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर दिया था।
शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह और आगरा मंडल का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसदों के बीच हुई बैठक में भी इस प्रस्ताव पर चर्चा की गई।
बैठक में आगरा मंडल में रेल सेवाओं को बेहतर बनाने के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया गया।
देश की आजादी के 79 वर्ष बाद भी मथुरा और अलीगढ़ के बीच सीधा रेल संपर्क नहीं है, इस कारण हजारों यात्रियों को प्रतिदिन करीब 60 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है।
हेमा मालिनी ने कहा था कि प्रस्तावित रेल संपर्क से दोनों शहरों के बीच यात्रा आसान होगी और समय की बचत भी होगी।
हेमा मालिनी के सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने कहा कि रेलवे ने उन्हें आश्वासन दिया है कि पर्याप्त रखरखाव सुविधाएं विकसित होने के बाद आगरा-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस का मथुरा तक विस्तार करने की मांग पर विचार किया जाएगा। भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र