हैदराबाद, 11 अक्टूबर (भाषा) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 8.98 करोड़ रुपये मूल्य का 5.8 किलोग्राम सोना जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
डीआरआई की विशाखापत्तनम इकाई ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास सतर्कता बढ़ा दी थी।
डीआरआई की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, लंबे समय तक पीछा करने के बाद आठ और नौ अक्टूबर की दरमियानी रात विशाखापत्तनम में एक कार को रोका गया। कार में दो लोग सवार थे और वे कोलकाता से हैदराबाद जा रहे थे।
लंबी पूछताछ और वाहन की व्यवस्थित तलाशी के दौरान आगे की यात्री सीट के पैरों के नीचे विशेष रूप से बनाई गई एक गुप्त जगह का पता चला।
विज्ञप्ति में कहा गया, “उस गुप्त जगह से 24 कैरेट और 999 शुद्धता वाले विदेशी मूल के सोने के तीन पैकेट बरामद किए गए। इनका वजन 5,832.90 ग्राम और बाजार मूल्य 8.98 करोड़ रुपये है।”
डीआरआई ने बताया कि सोने की तस्करी भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते की गई थी और इसे हैदराबाद ले जाया जा रहा था।
बरामद किए गए सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया।
विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों लोगों को गिरफ्तार कर क्षेत्राधिकार वाले मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप