नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी ब्रिगेड एंटरप्राइजेज लिमिटेड को चालू वित्त वर्ष में बिक्री बुकिंग 21 प्रतिशत बढ़कर 9,000 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है।
कंपनी की एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मध्यम आय वर्ग और प्रीमियम आवास की मजबूत मांग से बिक्री को बढ़ावा मिलेगा।
बेंगलुरु स्थित ब्रिगेड एंटरप्राइजेज ने पिछले 40 साल में 300 से अधिक परियोजनाएं विकसित की हैं।
कंपनी की प्रबंध निदेशक पवित्रा शंकर ने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में कहा कि घरों की मांग मजबूत बनी हुई है। खासकर प्रति अपार्टमेंट एक करोड़ रुपये से तीन करोड़ रुपये की कीमत वाले घरों की मांग अच्छी है।
उन्होंने कहा कि कंपनी की बड़ी आवासीय टाउनशिप परियोजनाओं में बिक्री का प्रदर्शन काफी अच्छा है।
वित्त वर्ष 2026-27 में बिक्री बुकिंग के लक्ष्य के बारे में पूछे जाने पर शंकर ने कहा, ''हमने पूरे साल के लिए 9,000 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य रखा है। अगर हमें अपनी परियोजनाएं शुरू करने के लिए समय पर मंजूरी मिल जाती है, तो हमें यह लक्ष्य हासिल करने का भरोसा है।''
उन्होंने कहा कि कंपनी के पास नई परियोजनाएं शुरू करने की अच्छी योजना है।
शंकर के मुताबिक, फिलहाल कंपनी की 3.3 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र की परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जबकि 1.6 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र की नई परियोजनाएं शुरू की जानी हैं।
भाषा योगेश अजय
अजय