तिरुवनंतपुरम, 11 अक्टूबर (भाषा) केरलम की महिला एवं बाल विकास मंत्री बिंदु कृष्णा ने रविवार को कहा कि केरल महिला आयोग के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर सतर्कता विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
आयोग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में सतर्कता विभाग ने हाल में यहां आयोग के मुख्यालय की तलाशी ली थी।
कृष्णा ने संवाददाताओं से कहा कि महिला आयोग से जुड़े मुद्दों को संज्ञान में लिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘ ईमानदारी से कहूं तो यह बेहद गंभीर मामला है कि महिला आयोग (केरल में कानूनी और नैतिक रूप से महिलाओं की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार) खुद ऐसे मुद्दों और भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहा है।'
उन्होंने कहा, 'हम सतर्कता विभाग की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से परामर्श करके कार्रवाई की जाएगी।'
यह पूछे जाने पर कि क्या राज्य सरकार मौजूदा महिला आयोग को भंग करेगी, कृष्णा ने कहा कि इस बारे में कोई भी निर्णय सतर्कता विभाग की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा, ' रिपोर्ट जल्द मिल जाएगी। रिपोर्ट की जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।'
भाषा शुभम शोभना
शोभना