Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

नाहरगढ़ के रहस्य, हाड़ी रानी का बलिदान पर्दे पर, ‘हिस्टोरिका’ नाम से नए अवतार में ‘वैक्स म्यूजियम’

जयपुर, 11 अक्टूबर (भाषा) जयपुर के नाहरगढ़ किले में स्थित ‘जयपुर वैक्स म्यूजियम’ अब नए नाम ‘हिस्टोरिका-स्टेप इनटू हिस्ट्री’ के साथ पर्यटकों को इतिहास से रूबरू कराने के लिए नए स्वरूप में शुरू होने जा रहा है। इसमें ऐतिहासिक घटनाओं और विरासत को फिल्मों तथा अन्य अनुभवों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

म्यूजियम के संस्थापक अनूप श्रीवास्तव ने पीटीआई-भाषा को बताया कि जयपुर आने वाले पर्यटक अब सिर्फ महल और किले ही नहीं देखना चाहते, बल्कि इतिहास को जाीना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की इसी बदलती सोच को देखते हुए ‘जयपुर वैक्स म्यूजियम’ नए नाम के साथ शुरू होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत को पर्यटकों के लिए अधिक रोचक और जीवंत बनाने के उद्देश्य से यह नयी परिकल्पना तैयार की गई है।

श्रीवास्तव ने कहा कि उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के म्यूजियम दौरे के दौरान अनुभव को बेहतर बनाने के सुझाव मिले थे, जिसके बाद इस दिशा में काम किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘म्यूजियम में पर्यटकों को चार प्रमुख आकर्षण देखने को मिलेंगे। इनमें राम प्रकाश टॉकीज, शीशमहल, द रॉयल दरबार और ‘हॉल ऑफ आइकॉन्स’ शामिल हैं।’’

श्रीवास्तव ने बताया कि राम प्रकाश टॉकीज में 1878-79 में महाराजा सवाई राम सिंह द्वितीय द्वारा बनवाए गए राजस्थान के पहले थिएटर की प्रतिकृति तैयार की गई है, जहां 33 सीटों की व्यवस्था है।

उन्होंने कहा कि यहां ‘मिस्ट्री ऑफ नाहरगढ़’ और ‘हाड़ी रानी’ नामक दो फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिनके जरिए नाहरगढ़ किले से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं, रहस्यों और हाड़ी रानी के बलिदान की कहानी प्रस्तुत की जाएगी।

श्रीवास्तव के अनुसार, म्यूजियम का शीशमहल कांच के 25 लाख से अधिक टुकड़ों से बनाया गया है, जिसमें कांच का फर्श भी है। वहीं, रॉयल दरबार और ‘हॉल ऑफ आइकॉन्स’ में शाही इतिहास तथा मोम की 45 से अधिक मूर्तियां प्रदर्शित की गई हैं।

उन्होंने कहा कि अगले महीने से रॉयल दरबार में वीआर हेडसेट के जरिए ऐतिहासिक दृश्य देख सकेंगे, जिसमें सवाई माधोसिंह द्वितीय के शिकार, आमेर की योजना बनाते सवाई जयसिंह, चेतक पर सवार महाराणा प्रताप के नदी पार करने और पूर्व महारानी गायत्री देवी की घुड़सवारी जैसे दृश्य शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि हर वीडियो करीब एक से दो मिनट का होगा, और शुरुआत में चार ‘वीआर हेडसेट’ उपलब्ध कराने की तैयारी है।

जयपुर वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन दिसंबर 2016 में अभिनेता गोविंदा ने किया था। इसे किसी विरासत स्थल पर स्थापित दुनिया का पहला वैक्स म्यूजियम बताया गया था। म्यूजियम प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6.30 बजे तक खुला रहेगा।

भाषा बाकोलिया नेत्रपाल

नेत्रपाल