Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

पितृसत्ता खत्म करने का नारा महज बयानबाजी? : भाजपा का राहुल गांधी से सवाल

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर एक बार फिर हमला बोला और सवाल किया कि यौन उत्पीड़न के आरोप में हाल ही में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से बर्खास्त किए गए कांग्रेस सांसद एवं प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ पार्टी ने अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की है।

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या कांग्रेस के लिए ‘नारी सम्मान’ महज एक नारा है, कोई नीति नहीं।

स्वराज ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस मामले पर उनकी चुप्पी दर्शाती है कि वे अकोइजम के कथित ‘यौन दुर्व्यवहार’ को मौन सहमति दे रहे हैं और उसे बर्दाश्त कर रहे हैं।

स्वराज ने आरोप लगाया, ‘‘राहुल गांधी, यह देश आपके चुनिंदा मुद्दों पर आक्रोश जताने, राजनीतिक हितों से प्रेरित रुख अपनाने और झूठा विमर्श गढ़ने के लिए आपसे सवाल कर रहा है।’’

उन्होंने मांग की, ‘‘यदि ‘पितृसत्ता को खत्म करो’ (स्मैश द पैट्रिआर्की) का नारा आपके लिए किसी पूर्वाग्रह से प्रेरित रुख या महज राजनीतिक बयानबाजी नहीं है, तो अपने सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई कीजिए।”

जेएनयू ने आरोपों की जांच में दोषी पाए जाने के बाद शुक्रवार को अकोइजम को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया था। वह जेएनयू के 'स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज' के अंतर्गत 'सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स' में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे।

खबरों के अनुसार, इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं।

शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि अकोइजम बैठकों या सभाओं के बहाने छात्राओं को विश्वविद्यालय परिसर स्थित अपने आवास पर बुलाते थे और उनका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश करते थे। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया था कि वह कक्षा में अश्लील और अनुचित टिप्पणियां किया करते थे।

स्वराज ने कहा कि इस तरह के ‘‘गंभीर मामले’’ पर गांधी परिवार सहित कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी ने उनके ‘‘दोहरे रवैये’’ को उजागर कर दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने अब तक इस मामले में कोई आंतरिक जांच शुरू नहीं की है और न ही अकोइजम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पार्टी ने उन्हें निलंबित करने या उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की प्रक्रिया भी अब तक शुरू नहीं की है।’’

भाषा गोला अमित

अमित