Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव के आसार: विश्लेषक

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को लेकर अनिश्चितता तथा पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण अगले सप्ताह कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव बने रहने की आशंका है। हालांकि, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए समझौते की उम्मीद से कीमतों में कुछ गिरावट भी आ सकती है। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।

विश्लेषकों ने कहा कि निवेशकों की नजर पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) की मासिक तेल बाजार रिपोर्ट के साथ अमेरिकी पेट्रोलियम संस्थान (एपीआई) के साप्ताहिक भंडार आंकड़ों तथा अमेरिका सरकार की ओर से जारी कच्चे तेल के भंडार और आयात के आंकड़ों पर भी रहेगी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमले के बाद अमेरिका, यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब की सैन्य कार्रवाई में शामिल होने पर विचार कर रहा है। उनके इस बयान से क्षेत्र में भू-राजनीतिक अनिश्चितता और बढ़ गई है।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में जिंस शोध प्रमुख नवनीत दमानी ने कहा कि संघर्ष के विस्तार से क्षेत्र के रास्ते होने वाली ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इसमें रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य भी शामिल है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर पिछले सप्ताह अक्टूबर में आपूर्ति वाले कच्चे तेल के वायदा भाव में 35 रुपये यानी 0.4 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 8,881 रुपये प्रति बैरल पर बंद हुआ। हालांकि, नवंबर अनुबंध 82 रुपये यानी करीब एक प्रतिशत बढ़कर 8,828 रुपये प्रति बैरल पर पहुंच गया।

दमानी ने कहा, ''कच्चे तेल की कीमतें कूटनीतिक उम्मीदों और वास्तविक आपूर्ति में बने जोखिमों के बीच झूल रही हैं। युद्ध से पहले करीब 6,500 रुपये प्रति बैरल के स्तर के मुकाबले एमसीएक्स पर कच्चे तेल का 8,500 रुपये से ऊपर बने रहना दर्शाता है कि कीमतों में आपूर्ति जोखिम का बड़ा प्रीमियम अब भी शामिल है।''

उन्होंने कहा कि अमेरिका के प्रस्ताव पर ईरान की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर निकट अवधि में कीमतों में और गिरावट आ सकती है। हालांकि, पिछले अनुभव बताते हैं कि केवल कूटनीतिक प्रगति से आपूर्ति में लंबे समय तक सुधार सुनिश्चित नहीं होता।

इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और अमेरिका तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले ईरान पर सैन्य हमला नहीं करेगा।

रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि वैश्विक बाजारों के लिए अमेरिका-ईरान कूटनीतिक बातचीत और कच्चे तेल की कीमतों से जुड़े घटनाक्रम महत्वपूर्ण बने रहेंगे।

उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की रूपरेखा पर प्रगति से ऊर्जा की कीमतें घट सकती हैं। इससे भारत के आयात बिल और रुपये को कुछ राहत मिल सकती है। वहीं, भू-राजनीतिक तनाव दोबारा बढ़ने से बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

भाषा योगेश अजय

अजय