जम्मू, 11 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच मंत्रियों के इस्तीफे की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी मंत्री से इस्तीफा देने को नहीं कहा गया है।
चौधरी ने नवरात्र के पहले दिन बहू किले स्थित काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही।
उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री के तौर पर मैं यहां माता के चरणों में खड़े होकर स्पष्ट कर रहा हूं कि किसी भी मंत्री से इस्तीफा देने को नहीं कहा गया है।’’
चौधरी ने इन खबरों को खारिज किया कि मंत्रिमंडल में प्रस्तावित फेरबदल से पहले सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री को अपने इस्तीफे सौंप दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में फैसला नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को करना है।
चौधरी ने कहा, ‘‘उनका (उमर) फैसला अंतिम होगा। वह जिसे मंत्रिमंडल में शामिल करने का फैसला करेंगे, उसे शामिल किया जाएगा और जिसे हटाने का फैसला करेंगे, उसे हटा दिया जाएगा।’’
उन्होंने मीडिया संस्थानों से अटकलों को जरूरत से ज्यादा महत्व नहीं देने का आग्रह किया।
चौधरी ने राष्ट्रीय राजधानी में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन का भी जिक्र किया।
नेकां नेता ने इस घटना और अपने अधिकारों की मांग करने दिल्ली गए बच्चों के साथ कथित व्यवहार को मीडिया में सीमित जगह दिए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने मीडिया से राजनीतिक अटकलों के बजाय इन मुद्दों पर ध्यान देने का आग्रह किया।
इससे पहले, मंदिर जाने के बारे में बात करते हुए चौधरी ने कहा कि वह अपने दो बेटों समेत परिवार के साथ माता का आशीर्वाद लेने आए हैं।
भाषा शोभना पारुल
पारुल