Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

ममता तृणमूल ने केएमसी के पोस्टर अभियान को लेकर ‘हिंदी थोपने’ और बांग्ला को विकृत करने का आरोप लगाया

कोलकाता, 11 अक्टूबर (भाषा) ममता अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) ने कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के एक पोस्टर अभियान का हवाला देते हुए पश्चिम बंगाल की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर ‘‘हिंदी थोपने’’ और बांग्ला भाषा को विकृत करने का रविवार को आरोप लगाया।

दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान 10 से 21 अक्टूबर तक शहर में आयोजित स्वच्छता अभियान के एक पोस्टर पर लिखा गया-‘‘मायेर कोरबो स्वच्छता से स्वागत’’ (मां दुर्गा का स्वच्छता से स्वागत करेंगे)। इस वाक्य में बांग्ला और हिंदी दोनों वाक्यांशों को मिलाया गया।

केएमसी द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस पोस्टर में कहा गया है कि देवी दुर्गा का स्वच्छ शहर में स्वागत करने के लिए यह अभियान शुरू किया जा रहा है। इसमें महानगर के लोगों से स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अधिक जिम्मेदार बनने का भी आह्वान किया गया।

हालांकि, एक ही वाक्य में हिंदी और बांग्ला शब्दों के इस संयोजन को लेकर राज्य की पूर्व सत्तारूढ़ पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

ममता तृणमूल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि कोलकाता नगर निगम द्वारा जारी की जाने वाली सामग्री की कोई त्रुटियां ठीक नहीं की जाती है। जब तक हमारी भाषा की इस तरह उपेक्षा होती रहेगी, तब तक भाजपा सरकार इसे हरी झंडी देती रहेगी! दिल्ली के अपने आकाओं को खुश करने के लिए बंगाल पर जबरन हिंदी थोपना बंद करें।’’

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पोस्टर साझा करते हुए कहा, ‘‘मुझे यह सोचकर हैरानी होने लगी है कि क्या बचपन में मैंने बांग्ला गलत सीखी थी या फिर बिना किसी के बताए यह भाषा ही बदल गई है!’’

ममता तृणमूल के विधायक एवं प्रवक्ता कुणाल घोष ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा और जरूरी सुधार करने की मांग की।

घोष ने कहा, ‘‘यह क्या है? क्या यह बांग्ला है? क्या आप मजाक कर रहे हैं? भाजपा पश्चिम बंगाल पर और कितनी खराब संस्कृति थोपेगी? बांग्ला भाषा को और कितना खराब किया जाएगा? इसे तुरंत हटाएं। इसे बदलें और सही बांग्ला लिखें। नगर निगम की वर्तमान स्थिति इस घटिया वाक्यांश जितनी ही खराब है।’’

इन आरोपों पर केएमसी या राज्य सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

केएमसी की व्यवस्था फिलहाल एक प्रशासक संभाल रहे हैं और राज्य के इस सबसे बड़े नगर निकाय में इस साल के अंत में चुनाव हो सकते हैं।

भाषा खारी देवेंद्र

देवेंद्र