कटरा/जम्मू, 11 अक्टूबर (भाषा) जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में रविवार को नौ दिवसीय नवरात्र शुरू होने के साथ ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
एक अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालु माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा।
हालांकि, उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवाएं पूरे दिन निलंबित रहीं।
अधिकारी ने बताया कि सेवाएं बाधित होने के बावजूद श्रद्धालु तीर्थयात्रा करते रहे। वहीं, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उनकी आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए।
उधमपुर-रियासी रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) शिव कुमार शर्मा ने मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी आमद को देखते हुए तैयारियों का आकलन करने के लिए सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के साथ कटरा शहर की संयुक्त सुरक्षा समीक्षा की।
डीआईजी ने अधिकारियों को अत्यधिक सतर्कता बनाए रखने, गश्त तेज करने, प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने का निर्देश दिया।
नवरात्र उत्सव रविवार शाम साढ़े सात बजे कटरा के योग आश्रम मैदान में शुरू होगा। यह उत्सव 19 अक्टूबर को संपन्न होगा।
कटरा मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का आधार शिविर है।
भाषा तान्या गोला
गोला