Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

हिंदू रक्षा दल से जुड़े होने का दावा करने वाले चार व्यक्ति छात्रों पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के 10 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के डीडीयू मार्ग पर छात्रों के साथ कथित तौर पर मारपीट और महिलाओं के साथ हाथापाई करने के मामले में दक्षिणपंथी संगठन हिंदू रक्षा दल के सदस्य होने का दावा करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

ये गिरफ्तारियां घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के एक दिन बाद हुई हैं। वीडियो में कुछ लोग कमला मार्केट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डीडीयू मार्ग के एक हिस्से में युवा छात्रों के साथ मारपीट करते और महिलाओं के साथ हाथापाई करते दिख रहे हैं।

वीडियो में घटना के दौरान मौके पर एक पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहा है।

यह हमला मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान बड़े पैमाने पर लोगों को हिरासत में लिए जाने के बीच हुआ।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान रमन सैनी (50), विवेकानंद उर्फ विवेक (32), कपिल कुमार (27) और रविंदर सिंह उर्फ गोविंद हिंदू (35) के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन के पहले दिन से ही यह वीडियो सोशल मीडिया समूहों में प्रसारित होने लगा था। उस समय छात्र राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न स्थानों पर एकत्र होने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, घटना का सटीक स्थान तत्काल पता नहीं चल पाया था।

सूत्रों ने बताया कि बाद में की गई जांच और सत्यापन के दौरान शहर में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने घटनास्थल की पहचान की।

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली थी। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि घटना में कथित तौर पर शामिल लोग कार्रवाई से बचने के लिए दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) से भागने की कोशिश कर सकते हैं जिसके बाद पुलिस ने खुद कार्रवाई शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस ने चारों लोगों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

यह वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर बड़े पैमाने पर साझा किया गया है। राजनीतिक संगठनों और नेताओं से जुड़े सोशल मीडिया खातों से भी इसे साझा किया गया।

भारतीय युवा कांग्रेस, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और कॉजपा से जुड़े खातों से भी यह वीडियो साझा किया गया।

यह घटना 10 अक्टूबर को दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शनकारियों के जुटने के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की व्यापक कार्रवाई के बीच हुई।

भाषा शोभना सिम्मी

सिम्मी