चेन्नई, 11 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के लिए रविवार को चेन्नई पहुंचे।
प्रधानमंत्री पूर्वाह्न करीब 11 बजे हवाई अड्डे पहुंचे, जहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर भी मौजूद थे।
मोदी ने हवाई अड्डे के पास कुछ देर रोड शो किया और स्वागत के लिए अवरोधकों के पीछे कतार में खड़े भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री का काफिला जैसे ही हवाई अड्डे से बाहर निकला, सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका स्वागत किया और ‘‘भारत माता की जय’’ के नारे लगाए। इस दौरान मोदी ने कुछ देर के लिए अपनी कार रुकवाई और उसके पायदान पर खड़े होकर एवं हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
भाजपा की तमिलनाडु इकाई ने प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए हवाई अड्डे के पास सड़क किनारे निर्धारित स्थानों पर पारंपरिक नृत्य समेत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया।
भाषा सिम्मी खारी
खारी