Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

एफएसएसएआई ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को ‘ईट राइट प्लेस ऑफ वर्शिप’ का प्रमाणन दिया

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने ‘ईट राइट प्लेस ऑफ वर्शिप’ प्रमाणपत्र प्रदान किया है। मंदिर परिसर में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों के पालन के लिए यह प्रमाणपत्र दिया गया है। यह प्रमाणपत्र 11 अक्टूबर, 2026 से 10 अक्टूबर, 2028 तक दो साल के लिए मान्य रहेगा।

एफएसएसएआई ने रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी।

शनिवार को अयोध्या में आयोजित एक विशेष समारोह में प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रजित पुन्हानी ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को यह प्रमाणपत्र सौंपा।

एफएसएसएआई की ‘ईट राइट प्लेसेज ऑफ वर्शिप’ पहल का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर प्रसाद, लंगर और अन्य खाद्य पदार्थों की तैयारी एवं वितरण में खाद्य सुरक्षा तथा स्वच्छता के मानकों को सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से धार्मिक संस्थानों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, अनियमितताओं को रोकने और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

यह पहल एफएसएसएआई के ‘ईट राइट इंडिया’ अभियान का हिस्सा है

इस पहल के तहत धार्मिक स्थलों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके अंतर्गत बनाए गए नियमों और विनियमों के अनुरूप व्यवस्था विकसित करने के लिए जागरूक किया जाता है। इसके लिए संबंधित स्थलों को आवश्यक दिशा-निर्देश, प्रशिक्षण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक सुझाव भी दिए जाते हैं।

प्रमाणपत्र जारी करने से पहले एफएसएसएआई निर्धारित मानकों के आधार पर शुरुआती ऑडिट करता है। इसके बाद संबंधित संस्थान को प्रशिक्षण दिया जाता है और अंत में तृतीय-पक्ष एजेंसियों के माध्यम से अंतिम ऑडिट कराया जाता है। निर्धारित मानकों पर खरा उतरने के बाद ही प्रमाणपत्र जारी किया जाता है।

उल्लेखनीय है कि अयोध्या में बने श्रीराम मंदिर में रामलला की नवीन मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा 22 जनवरी, 2024 को हुई थी। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में हुआ था।

भाषा अजय अजय

अजय