नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' आगामी सोमवार को 'वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च निकलेगा और भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत को ज्ञापन सौंप कर हस्तक्षेप की मांग करेगा।
वेणुगोपाल ने 'एक्स' पर पोस्ट कर यह भी कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसद, नेता, कार्यकर्ता और लोकतंत्र की चिंता करने वाले नागरिक इस मार्च में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा, 'इस दौरान वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधान न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपकर उनसे हस्तक्षेप की मांग करेगा।'
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के अस्तित्व को लेकर चिंतित सभी भारतीयों को इस विरोध मार्च में शामिल होना चाहिए।
वेणुगोपाल ने दावा किया कि मोदी-शाह सरकार के नेतृत्व में देशभर में ‘वोट चोरी’ की जा रही है और इसके खिलाफ व्यापक विरोध दर्ज कराने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित मार्च की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को विभिन्न नेताओं के साथ विस्तृत बैठक की गई।
इससे पहले विपक्ष नेताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर इस मामले में दखल देने का आग्रह किया था।
भाषा हक रंजन पवनेश
पवनेश