नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) मध्य दिल्ली में शनिवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के कारण पूरा इलाका किले में तब्दील हो गया और जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल पर लोगों की आवाजाही रोक दी गई। हालांकि, प्रदर्शन स्थल के पास स्थित ऐतिहासिक जंतर-मंतर वेधशाला पर्यटकों के लिए आधिकारिक तौर पर खुली रही। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि 1724 में निर्मित प्राचीन वेधशाला दिनभर पर्यटकों के लिए खुली रही। हालांकि, वहां आने-जाने की अनुमति पुलिस अधिकारियों के निर्देशों के अधीन थी। उन्होंने कहा कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की ओर से इसे बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया था।
जयपुर के महाराजा जय सिंह द्वारा निर्मित दिल्ली का यह ऐतिहासिक स्थल शहर के मध्य में एक विशाल परिसर में स्थित है।
इस मशहूर वेधशाला के नाम पर ही पास की एक सड़क और विरोध-प्रदर्शन वाले स्थान का नाम रखा गया है।
भाषा प्रचेता शफीक
शफीक