Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

मप्र: बांधवगढ़ की प्रसिद्ध बाघिन ‘डॉटी’ की मौत

उमरिया, 10 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य की प्रसिद्ध बाघिन डॉटी की करीब 14 वर्ष की उम्र में मौत हो गई। उसके माथे के दाईं ओर अंग्रेजी के अक्षर ‘डी’ जैसा निशान होने के कारण उसकी अलग पहचान थी। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बाघिन का शव शुक्रवार दोपहर अभयारण्य के मानपुर बफर क्षेत्र की मझखेता बीट में मिला। प्रारंभिक जांच में उसकी मौत प्राकृतिक कारणों से होने की बात सामने आई है।

उन्होंने बताया कि बाघिन के 15 से 16 महीने के दो शावक स्वस्थ हैं। अभयारण्य प्रबंधन उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, डॉटी का जन्म 2011-12 में अभयारण्य के मगधी क्षेत्र में हुआ था। वह प्रसिद्ध बाघिन पतिहा और बाघ ब्लू आई की संतान थी।

उन्होंने बताया कि डॉटी ने अपने जीवनकाल में तीन से चार बार शावकों को जन्म दिया और उनका सफलतापूर्वक पालन-पोषण किया। उसकी संतानों में नर और मादा बाघ शामिल हैं, जिन्होंने आगे चलकर बांधवगढ़ में अपनी पहचान बनाई।

अधिकारियों ने बताया कि अपनी ही एक मादा संतान द्वारा क्षेत्र से बाहर कर दिए जाने के बाद डॉटी ने ताला क्षेत्र में नया ठिकाना बनाया था। वहां उसने दो और शावकों को जन्म दिया।

बाघिन का शव मिलने के बाद वन विभाग ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी। शुक्रवार शाम श्वान दल ने आसपास के इलाके की तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

उन्होंने बताया कि शनिवार को वरिष्ठ वन अधिकारियों की मौजूदगी में बाघिन का पोस्टमार्टम किया गया और प्रयोगशाला में जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए।

सहाय ने कहा कि डॉटी लंबे समय से वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र रही थी।

भाषा

सं, दिमो रवि कांत