Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

प्रधानमंत्री रविवार को चेन्नई के दौरे पर जाएंगे, परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे

नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को चेन्नई का दौरा करेंगे और 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।

प्रधानमंत्री चेन्नई मेट्रो में पोरूर बाईपास स्टेशन से पूनामल्ली बाईपास स्टेशन के बीच सफर करेंगे। वह जलकंठेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, वह शहर में स्थित ‘जयगोपाल गरोड़िया हिंदू विद्यालय मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल’ के स्वर्ण जयंती समारोह में भी शामिल होंगे।

मोदी के कार्यक्रम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास के ब्रेन सेंटर का दौरा भी शामिल है।

बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे।

जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा, उनमें 4,900 करोड़ रुपये की लागत से बना चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण का पूनामल्ली-वडापलानी खंड शामिल है।

प्रधानमंत्री मोदी ने शाम में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कल, 11 अक्टूबर को चेन्नई में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत होगी या उनकी आधारशिला रखी जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि वह चेन्नई मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दूसरे चरण के पूनामल्ली-वडापलानी हिस्से का उद्घाटन करेंगे, जिसे 4,900 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।

प्रधानमंत्री करीब 3,700 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास करेंगे।

मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग-744 के वडुगापट्टी-तेरकुवेंगनल्लूर खंड का उद्घाटन करेंगे। यह 36 किलोमीटर लंबा और चार लेन का मार्ग है।

इस परियोजना से क्षेत्र के प्रमुख तीर्थस्थलों, औद्योगिक केंद्रों और वाणिज्यिक केंद्रों तक सड़क संपर्क बेहतर होगा।

वह राष्ट्रीय राजमार्ग-744ए के मदुरै रिंग रोड के 30 किलोमीटर लंबे, चार लेन वाले खंड का भी उद्घाटन करेंगे। इस मार्ग से मदुरै के आसपास यातायात की आवाजाही बेहतर होगी।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-83 के नागपत्तनम-तंजावुर खंड पर तिरुवारूर बाईपास को चार लेन का बनाने की परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना से तिरुवारूर में सड़क संपर्क बेहतर होगा और शहर के बाहर एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होने से यातायात की आवाजाही सुगम होगी। रेलवे की 750 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा।

भाषा जोहेब अविनाश नरेश

नरेश