Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

दिल्ली को बंधक नहीं बनने देंगे, कॉजपा कांग्रेस-आप की ‘बी-टीम’: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर अपनी ‘‘बी-टीम’’ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के साथ मिलकर दिल्ली को ‘‘रणभूमि’’ में बदलने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि राजधानी को बंधक नहीं बनने दिया जाएगा।

जंतर-मंतर पर पुलिस की अभूतपूर्व तैनाती के कारण कॉजपा की मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों को जुटाने की कोशिश नाकाम हो गई। कॉजपा के संयोजक अभिजीत दीपके और पार्टी के नेता सौरव दास तथा आशुतोष रांका को मुंबई से दिल्ली पहुंचने पर हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया।

गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि जनता द्वारा खारिज किए जा चुके गांधी और केजरीवाल अपनी ‘‘बी-टीम’’ के साथ मिलकर दिल्ली को रणभूमि में बदलना चाहते हैं।

गुप्ता ने लिखा, ‘‘ये नेता अपनी लगातार हो रही हार की हताशा जनता पर निकालने पर क्यों तुले हुए हैं? दिल्ली के निवासियों ने ऐसा क्या अपराध किया है कि उन्हें सड़कों पर मचे अराजकता के माहौल से परेशान किया जा रहा है?’’

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की आड़ में अराजकता फैलाने और जनादेश को चुनौती देने की राजनीति का दृढ़ता से मुकाबला किया जाएगा। गुप्ता ने आप संयोजक केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह अपने ‘‘राजनीतिक स्वार्थ’’ के लिए दिल्ली की सुरक्षा और शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं।

गुप्ता ने आरोप लगाया, ‘‘अराजकता को बढ़ावा देने वाले और खुद को दिल्ली का मालिक मानने वाले अरविंद केजरीवाल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिल्लीवासियों की शांति और सुरक्षा भंग करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

केजरीवाल को उनकी पार्टी के कई नेताओं के साथ उस समय हिरासत में ले लिया गया, जब उन्होंने जंतर-मंतर तक जाने की कोशिश की।

गुप्ता ने सवाल किया कि विरोध प्रदर्शनों के बीच काम पर जाने वाले लोगों, अपने परिवारों का भरण-पोषण करने के लिए काम पर निकलने वाले दिहाड़ी मजदूरों और अस्पताल पहुंचने की कोशिश कर रहे मरीजों को हुई परेशानी के लिए कौन जिम्मेदार होगा। उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या आपकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं दिल्ली के लाखों परिवारों की आजीविका, सुरक्षा और शांति से भी बढ़कर हैं?’’

भाषा आशीष नरेश

नरेश