गयाजी (बिहार), 10 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को राहुल गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य नेताओं पर निर्वाचन आयोग तथा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ अभियान चलाकर देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
पितृपक्ष के अंतिम दिन अपने पूर्वजों का पिंडदान करने गयाजी पहुंचे यादव ने संवाददाताओं से कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां लोग सरकार चुनने और सत्ता एवं विपक्ष में राजनीतिक दलों की भूमिका तय करने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, राहुल गांधी और विपक्ष के अन्य नेता बार-बार देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।’’
यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर दोहरा रुख अपना रही है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस सत्ता में है, वहां वह इस प्रक्रिया को वैध मानती है, जबकि अन्य राज्यों में इसका विरोध करती है।
उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष की जिम्मेदारी है कि वह जनादेश का सम्मान करे और लोकतंत्र में अपनी भूमिका निभाए। इस तरह का आचरण अत्यंत निंदनीय है। लोकतंत्र आरोपों से नहीं, बल्कि तथ्यों और जनता के विश्वास से मजबूत होता है।’’
यादव ने दावा किया कि बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस चुनावी रूप से हाशिये पर चली गई है और उसे आत्ममंथन करने की जरूरत है।
अधिकारियों ने बताया कि यादव ने विष्णुपद मंदिर में अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना के साथ पिंडदान और जल तर्पण किया।
पितृपक्ष के दौरान हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में हिंदू इन अनुष्ठानों के लिए विष्णुपद मंदिर पहुंचते हैं। गयाजी में आयोजित होने वाला वार्षिक पितृपक्ष मेला एक प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जहां लोग अपने पूर्वजों के सम्मान में श्राद्ध कर्म करते हैं।
भाषा रंजन दिलीप
दिलीप