लखनऊ, 10 अक्टूबर (भाषा) रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया और वीडियो कॉल के माध्यम से एक प्रभावित व्यक्ति से बातचीत कर उनका हाल जाना।
एक बयान के मुताबिक, रक्षा मंत्री ने क्षेत्र में बाढ़ के पानी के स्तर की जानकारी ली और पूछा कि प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री और सहायता पहुंच रही है या नहीं।
उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने और राहत कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉल के दौरान राजनाथ सिंह ने मौके पर मौजूद जिला प्रशासन के अधिकारियों, अपर जिलाधिकारी (नगर) और उप जिलाधिकारी (सदर) से भी बातचीत की। उन्होंने प्रभावित परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रत्येक जरूरतमंद तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
बयान के अनुसार, राहत एवं सेवा अभियान में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रक्षा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी के. पी. सिंह, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राघवेंद्र शुक्ला, पुष्कर शुक्ला सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की टीम सक्रिय रूप से जुटी रही।
भाषा
राजेंद्र रवि कांत