हैदराबाद, 10 अक्टूबर (भाषा) माइटी मराठाज ने तीरंदाजी प्रीमियर लीग (एपीएल) के दूसरे सत्र में शनिवार को शानदार वापसी करते हुए चोला चीफ्स को शिकस्त देकर पहली जीत दर्ज की।
मराठाज की तीन मैचों में यह पहली जीत है, जबकि चीफ्स को इतने ही मुकाबलों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
माइक श्लोएसर की कप्तानी वाली मराठाज ने चीफ्स को 6-0 से मात दी। समय के दबाव के बीच धीरज बोम्मादेवरा ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। ‘मिस्टर परफेक्ट’ के नाम से मशहूर श्लोएसर भी अपनी ख्याति पर खरे उतरे और उन्होंने अपने सभी छह तीरों से 10-10 अंक हासिल किए।
चीफ्स ने दूसरे दिन की रणनीति अपनाते हुए सेट की शुरुआत में अपने कंपाउंड तीरंदाजों से लगातार निशाने लगवाए। हालांकि, चिकिता तनिपर्थी के दो तीर नौ अंक वाले घेरे में लगने से टीम प्रतिद्वंद्वी पर स्कोरबोर्ड का दबाव बनाने में नाकाम रही। मराठाज़ के रिकर्व तीरंदाजों ने दो बार आठ-आठ अंक हासिल किए, लेकिन कंपाउंड तीरंदाजों के दमदार प्रदर्शन के बूते टीम ने पहला सेट 74-73 से जीत लिया।
दूसरे सेट में मराठाज के स्टार रिकर्व तीरंदाज बोम्मादेवरा ने समय की कमी के दबाव के बीच शानदार 10 अंक का निशाना साधा, जिससे टीम ने 4-0 की बढ़त बना ली। इस सेट में भी चिकिता के दोनों तीर नौ अंक वाले घेरे में लगे। इसके बाद चीफ्स ने उम्मीद के मुताबिक कोलंबिया की एलेजांद्रा उस्कियानो को मैदान में उतारा, जिन्होंने दूसरे दिन शानदार लय दिखाई थी।
तीसरे सेट में कंपाउंड तीरंदाजों की ठीक-ठाक शुरुआत के बाद दीपिका कुमारी और मार्कस डी’अल्मेडा दबाव बनाए रखने में नाकाम रहे। उनके तीर निशाने के पीले घेरे से बाहर जा लगे। दूसरी ओर, मराठाज़ ने संयम बनाए रखते हुए कम स्कोर वाले इस सेट को 74-72 से अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही टीम ने चौथा सेट खेले बिना ही मुकाबला 6-0 से जीत लिया।
भाषा
आनन्द
आनन्द