Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

जन आंदोलन और कांग्रेस की हुंकार से विचलित हो रही है भाजपा सरकार: जूली

जयपुर, 10 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शनिवार को कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार जन-आंदोलन और कांग्रेस की हुंकार से विचलित हो रही है।

उन्होंने भाजपा सरकार की कथित दमनकारी नीति और युवा विरोधी रवैये की आलोचना की।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जारी घटनाक्रम की ओर इशारा करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘आज के हालात देखकर ऐसा प्रतीत होता है जैसे उस दौर की पुनरावृत्ति हो रही है जब कांग्रेस महात्मा गांधी के नेतृत्व में अहिंसा के बल पर भारत की आजादी के लिए संघर्ष कर रही थी।’’

जूली ने कहा, ‘‘उस समय जिस तरह ब्रिटिश हुकूमत देशवासियों और युवाओं के अहिंसक आंदोलन व एकजुटता से विचलित और भयभीत हो जाती थी, ठीक उसी तरह आज भाजपा सरकार भी जन-आंदोलन और युवाओं की बुलंद आवाज से बुरी तरह विचलित हो रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘युवाओं की जायज मांगों को सुनने के बजाय उन पर दबाव बनाना इस बात का प्रमाण है कि सत्ता के अहंकार में डूबी भाजपा संवाद की भाषा भूल चुकी है।’’

उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि अन्याय एवं दमन के खिलाफ उठी युवाओं की आवाज को पुलिस के बल पर कभी दबाया नहीं जा सका है और देश का युवा भाजपा के इस अन्यायपूर्ण रवैये का माकूल जवाब देगा।

जूली ने कहा कि भाजपा का ‘‘दोहरा चरित्र’’ आज देश और प्रदेश के युवाओं के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है।

भाषा पृथ्वी शफीक

शफीक