Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

एक सप्ताह से भी कम समय में पोलैंड में स्कूल पर तीसरा हमला

वारसॉ, 10 अक्टूबर (एपी) पोलैंड की राजधानी वारसॉ में शनिवार को 21 वर्षीय महिला ने एक शिक्षण संस्थान के भीतर तीन लोगों को घायल कर दिया। एक सप्ताह से भी कम समय में पोलैंड के किसी स्कूल में हमले की यह तीसरी घटना है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

वारसॉ पुलिस के प्रवक्ता याकुब फिलिपियाक ने 'द एसोसिएटेड प्रेस' को बताया कि हमलावर महिला ने एक 'घातक वस्तु' से 17 साल की एक युवती पर हमला किया और इस दौरान दो अन्य लोग भी घायल हो गए, जिनकी उम्र क्रमशः 17 और 24 वर्ष है। किसी की भी चोट जानलेवा नहीं है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पुलिस ने शनिवार को बताया कि सप्ताह की शुरुआत में स्कूलों में हुए दो हमलों के बाद हिंसा की और घटनाओं को रोकने के प्रयासों के तहत उन्होंने पोलैंड भर में 76 लोगों को हिरासत में लिया है और देशभर के लगभग 50,000 स्कूलों की जांच की है।

इससे पहले शुक्रवार को सप्ताह की शुरुआत में दो स्कूल में हुए हमलों के बाद पोलैंड भर के स्कूलों ने सुरक्षा बढ़ा दी थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और बच्चों सहित कई अन्य घायल हो गए थे। इसके तहत कुछ स्कूलों ने कक्षाएं स्थगित कर दी थीं, कई अभिभावकों ने बच्चों को घर पर ही रखा था और शिक्षण संस्थानों में पुलिस गश्त तैनात की गई थी।

मध्य पोलैंड के माजोविया प्रांत स्थित एक व्यावसायिक स्कूल के 19 वर्षीय छात्र ने बुधवार को धारदार वस्तु से साथी छात्रों, शिक्षकों और राहगीरों पर हमला कर दिया था। इस घटना में नौ लोग घायल हो गए। हमले के बाद आरोपी फरार हो गया लेकिन उसे पास से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

इसके अगले दिन, इसी प्रांत में 15 वर्षीय एक लड़के ने अपने पुराने स्कूल में चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में स्कूल के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

बृहस्पतिवार रात तक अभिभावकों के ऑनलाइन समूहों और मुख्यधारा के मीडिया में ऐसी अफवाहें फैलने लगी थीं कि ये दोनों हमले सुनियोजित थे और शुक्रवार को भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। शुक्रवार को होने वाली घटनाओं के डर से इस दिन को ‘ब्लडी फ्राइडे’ यानी ‘खूनी शुक्रवार’ कहा जाने लगा था।

पोलैंड में शुक्रवार को एहतियातन 59 स्कूलों में कक्षाएं निलंबित कर दी गईं। इनमें ज्यादातर स्कूल माजोविया प्रांत के थे, जहां राजधानी वारसॉ स्थित है। स्कूलों के निदेशक ने सुरक्षा बढ़ाने के उपायों की जानकारी देते हुए संदेश भेजे। इनमें प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और छात्रों के बैग की जांच जैसे कदम शामिल थे।

एपी

सुमित नरेश

नरेश