इंफाल, 10 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मणिपुर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के राज्य सरकार के प्रयासों में हरसंभव सहायता देने का शनिवार को आश्वासन दिया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, मोदी ने नयी दिल्ली में मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह के साथ बैठक के दौरान यह आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
सिंह ने इंफाल-दीमापुर-गुवाहाटी बस सेवाएं फिर शुरू होने और राष्ट्रीय राजमार्ग-37 (इंफाल-सिलचर मार्ग) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (इंफाल-दीमापुर मार्ग) पर मालवाहक ट्रकों की आवाजाही बहाल होने का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न समुदायों के बीच विश्वास की कमी दूर करने के लिए अपनी सरकार के प्रयासों से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कुछ राज्य राजमार्गों को राष्ट्रीय राजमार्गों में उन्नत करने के प्रस्ताव को मंजूरी देने का आग्रह किया।
सिंह ने इंफाल स्थित क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का दर्जा देने की भी मांग की।
बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री ने हिंसा प्रभावित राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।
भाषा रंजन पवनेश
पवनेश