अहमदाबाद, 10 अक्टूबर (भाषा) गुजरात में रविवार को गांधीनगर नगर निगम के साथ-साथ ओखा और थारा नगरपालिका के चुनाव तथा विभिन्न जिला और तालुका पंचायतों की सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान होगा।
गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) के सभी 11 वार्डों की 44 सीट पर चुनाव होंगे। इन सीट पर 130 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच है।
खेरालू, छोटा उदयपुर और बायड नगरपालिकाओं की एक-एक सीट के साथ-साथ अन्य स्थानीय निकायों की सीट पर भी रविवार को उपचुनाव होंगे। मतगणना 13 अक्टूबर को होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, ओखा नगरपालिका के नौ वार्डों की 36 सीट में से चार पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। शेष 32 सीट पर मतदान होगा, जिनके लिए 75 उम्मीदवार मैदान में हैं।
थारा नगरपालिका के छह वार्डों की 24 सीट पर चुनाव होंगे। इन सीट पर 59 उम्मीदवार मैदान में हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने एक बयान में बताया कि मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस की व्यापक तैनाती की गई है और गश्त की व्यवस्था भी की गई है।
भाषा रंजन दिलीप
दिलीप