(शिरीष प्रधान)
काठमांडू, 10 अक्टूबर (भाषा) नेपाली कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गगन कुमार थापा ने शनिवार को भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाने का संकल्प लिया और 2025 में हुए 'जेन जी' आंदोलन के बाद पार्टी में जनता का विश्वास फिर से बहाल करने का भी वादा किया।
नेपाल के सबसे बड़े राजनीतिक दल का अध्यक्ष चुने जाने के बाद अपने पहले संबोधन में थापा ने कहा कि नया नेतृत्व सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही पर ध्यान केंद्रित करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार या गलत काम में शामिल किसी भी व्यक्ति को पार्टी का संरक्षण नहीं मिलेगा।
थापा (50 वर्ष) को शुक्रवार को नेपाली कांग्रेस के 15वें महाधिवेशन में पार्टी का अध्यक्ष चुना गया। उन्हें कुल 6,584 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी श्याम कृष्ण खड़गी को केवल 375 वोट प्राप्त हुए।
ललितपुर के सानेपा स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में नेताओं, कार्यकर्ताओं और मीडिया को संबोधित करते हुए थापा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता 2025 के 'जेन जी' आंदोलन के दौरान पार्टी की प्रभावित हुई छवि को सुधारना और लोगों का विश्वास जीतना होगा।
थापा ने कहा कि नेपाली कांग्रेस को एकजुट, मजबूत और गतिशील बनाना तथा संगठन को जनता के करीब लाना अब उनकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पार्टी को केवल चुनाव जीतने वाला संगठन नहीं, बल्कि लोगों की निष्ठा और विश्वास का केंद्र बनना चाहिए।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश