नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को सिंगापुर में वैश्विक निवेश कोषों, बैंकों और कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बुनियादी ढांचे, वित्तीय सेवाओं, स्वास्थ्य सेवा तथा अन्य वृद्धि वाले क्षेत्रों में दीर्घकालिक निवेश बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की।
इन बैठकों के दौरान वित्त मंत्री ने भारत के दीर्घकालिक वृद्धि परिदृश्य, उभरते निवेश परिवेश और देश की विकासात्मक प्राथमिकताओं के समर्थन में वैश्विक संस्थागत तथा निजी पूंजी जुटाने के उपायों पर विचार साझा किए।
सीतारमण ने सिंगापुर के सॉवरेन वेल्थ फंड जीआईसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लिम चो कियाट से मुलाकात की और भारत के दीर्घकालिक वृद्धि परिदृश्य तथा बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में संस्थागत निवेशकों की भूमिका पर विचार-विमर्श किया।
वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि चर्चा का मुख्य केंद्र बुनियादी ढांचे, वित्तीय सेवाओं और भारत की विकास संभावनाओं से जुड़े अन्य क्षेत्रों में निवेश को समर्थन देने में संस्थागत निवेशकों की भूमिका पर रहा।
उन्होंने टेमासेक होल्डिंग्स के सीईओ दिलहान पिल्लई संद्रासेगरा से भी मुलाकात की और भारत में निवेश के अवसरों को बढ़ाने पर चर्चा की। विशेष रूप से बुनियादी ढांचा क्षेत्र में और राष्ट्रीय निवेश एवं अवसंरचना कोष (एनआईआईएफ) के माध्यम से निवेश पर जोर दिया गया।
एक अलग बैठक में सीतारमण ने प्राइवेट इक्विटी फर्म टीपीजी के कार्यकारी चेयरमैन एवं संस्थापक साझेदार जिम कूल्टर से मुलाकात की और भारत के दीर्घकालिक वृद्धि परिदृश्य तथा देश के बढ़ते निवेश परिदृश्य में निजी पूंजी की भागीदारी के अवसरों पर चर्चा की।
वित्त मंत्री की आईएचएच हेल्थकेयर के सीईओ प्रेम नायर और समूह के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी अशोक पंडित के साथ बैठक में स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचे और क्षमता विस्तार पर भी चर्चा हुई।
सीतारमण ने वेलिंगटन मैनेजमेंट में एशिया की वरिष्ठ प्रबंध निदेशक एवं निवेश प्रमुख जेनेट पेरुमल से भी मुलाकात की। इस दौरान गिफ्ट आईएफएससी और एनआईआईएफ के माध्यम से निवेश के अवसरों पर चर्चा हुई।
वित्त मंत्री ने डीबीएस ग्रुप की सीईओ टैन सू शान, डीबीएस के संस्थागत बैंकिंग समूह के प्रमुख हान क्वी जुआन और डीबीएस इंडिया के सीईओ रजत वर्मा के साथ वित्तीय सेवाओं और बुनियादी ढांचा वित्तपोषण पर चर्चा की।
स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के सीईओ बिल विंटर्स के साथ बैठक में सीतारमण ने वैश्विक बाजारों के साथ भारत के बढ़ते जुड़ाव के समर्थन में व्यापार वित्त, सीमा पार बैंकिंग और वित्तीय प्रवाह को मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की।
भाषा
पाण्डेय
पाण्डेय