Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

राजस्थान : भाजपा नेता राठौड़ ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के लिए कांग्रेस की आलोचना की

जयपुर, 10 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बयानों का बचाव किया और कहा कि ताकत दिखाने के लिए सैकड़ों लोगों को चुनाव अधिकारियों से मिलने ले जाना सही तरीका नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा नितिन नवीन के बयान की आलोचना किए जाने का जवाब देते हुए राठौड़ ने कहा कि एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के अध्यक्ष के नाते नितिन नवीन ने कांग्रेस नेताओं को मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मिलने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की सलाह दी।

राठौड़ ने कहा, ‘‘निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात के लिए सैकड़ों लोगों को लेकर जाना और शक्ति प्रदर्शन करना उचित प्रक्रिया नहीं है। इसके लिए एक निर्धारित संख्या में प्रतिनिधिमंडल समय लेकर अपनी शिकायत और तर्क प्रस्तुत करता है। कांग्रेस को भी इसी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए।’’

राठौड़ ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस कभी 240 तो कभी 400 लोगों के साथ निर्वाचन आयुक्त से मिलने की बात करती है। निर्वाचन आयुक्त के समक्ष किसी भी विषय पर अपनी बात तथ्यों और तर्कों के आधार पर रखी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी कांग्रेस नेताओं को यही सलाह दी थी। यह निर्वाचन आयुक्त की पैरवी करने का विषय नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के समक्ष अपनी बात रखने की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने का मामला है।’’

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस वास्तविक शिकायत के समाधान के बजाय इस मुद्दे को लेकर भ्रम फैलाने और मीडिया में चर्चा बनाए रखने का प्रयास कर रही है, ऐसे में गहलोत द्वारा इस सलाह पर प्रतिक्रिया देना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि गहलोत की सार्वजनिक छवि रही है ऐसे में उन्हें राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर अपनी पार्टी के नेताओं के आचरण पर भी स्पष्ट रूप से बोलना चाहिए।

राठौड़ ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा महिला पुलिसकर्मी के साथ कथित अभद्र व्यवहार पर भी गहलोत को बोलना चाहिए।

भाषा पृथ्वी शफीक

शफीक