जयपुर, 10 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल (बीएमसीएच) के लिविंग विल परामर्श केंद्र ‘आरंभ’ के पोस्टर का विमोचन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीएमसीएच की यह पहल ‘लिविंग विल’ के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, लोगों को विश्वसनीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और राजस्थान में इस विषय पर व्यवस्थित संवाद को आगे बढ़ाने में सहायक होगी।
एक बयान के अनुसार, बागडे ने उम्मीद जताई कि ‘आरंभ’ लोगों की इच्छाओं के सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
बयान में कहा गया है कि इस केंद्र की शुरुआत अस्पताल परिसर में अस्पताल के अध्यक्ष नवरतन कोठारी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिला कोठारी ने की।
इसके अनुसार, ‘आरंभ’ के माध्यम से लोगों को लिविंग विल के महत्व, इसे तैयार करने की प्रक्रिया, इससे जुड़ी कानूनी औपचारिकताओं और चिकित्सा संबंधी निर्णयों के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत