Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

राजस्थान पुलिस नवरात्र में महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाएगी ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’

जयपुर, 10 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान पुलिस नवरात्र के दौरान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ चलाएगी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

आधिकारिक बयान के अनुसार, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर नवरात्र के दौरान गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में शामिल होने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए राज्यभर में यह अभियान चलाया जाएगा।

बयान के मुताबिक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कम्युनिटी पुलिसिंग एवं जन-अभियोग) लता मनोज कुमार ने इस संबंध में सभी जिला पुलिस अधीक्षकों तथा जयपुर और जोधपुर के पुलिस उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

कुमार ने बताया कि अभियान के तहत गरबा और डांडिया कार्यक्रमों के दौरान ही नहीं, बल्कि उनके समाप्त होने के बाद भी महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए प्रमुख आयोजन स्थलों को चिह्नित कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि संवेदनशील और अधिक भीड़भाड़ वाले आयोजन स्थलों पर कालिका पेट्रोलिंग टीमों तथा महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। जरूरत के अनुसार, सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों को भी निगरानी के लिए तैनात किया जाएगा। महिलाओं के साथ छेड़खानी और दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए ‘डिकॉय ऑपरेशन’ चलाकर नियमानुसार प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रमुख गरबा और डांडिया स्थलों पर महिला हेल्प डेस्क स्थापित की जाएंगी और वहां महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत