Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

बेंगलुरू एफसी ने स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली को 3-2 से हराया

बेंगलुरू, 10 अक्टूबर (भाषा) मेन्नो कोच के 89वें मिनट में किये गोल की मदद से बेंगलुरु एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 सत्र की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए शनिवार को स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली को 3-2 से हरा दिया।

श्री कांतीरवा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बेंगलुरु ने पिछड़ने के बाद आखिरी समय में शानदार वापसी की।

मेजबान बेंगलुरु ने नये सत्र के पहले मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। रयान विलियम्स और आशीक कुरुनियन के जरिये दिल्ली की रक्षापंक्ति को परेशान किया। बेंगलुरु की कोशिशों को 22वें मिनट में सफलता मिली, जब पदार्पण कर रहे बोर्या मार्टिनेज ने विलियम्स के पास पर बॉक्स के बाहर से बाएं पैर से शानदार शॉट लगाकर गेंद को निचले बाएं कोने में पहुंचा दिया।

दिल्ली ने हालांकि जल्द ही बराबरी हासिल कर ली। युवा मिडफील्डर ह्नामते ने 26वें मिनट में रोड्रिगुइन्यो के लिए मौका बनाया, जिन्होंने नजदीक से दाएं पैर से गोल दाग दिया।

इसके बाद मेहमान टीम ने 32वें मिनट में बढ़त हासिल कर ली। जुआन पेना ने अपनी तेजी का इस्तेमाल करते हुए बॉक्स में प्रवेश किया और खतरनाक क्रॉस दिया। बेंगलुरु के डिफेंडर मेन्नो कोच गेंद को रोकने की कोशिश में उसे अपने ही गोल में डाल बैठे। इस आत्मघाती गोल से दिल्ली ने मध्यांतर तक 2-1 की बढ़त बना ली।

बेंगलुरु ने दूसरे हाफ में बराबरी के लिए प्रयास जारी रखे और 75वें मिनट में उसे सफलता मिली। मार्टिनेज ने मैच में अपना दूसरा गोल दागा। मिहाइलो पेरोविच के पास पर स्पेनिश खिलाड़ी ने बॉक्स के बाईं ओर से बाएं पैर से सटीक शॉट लगाकर स्कोर 2-2 कर दिया।

मैच का निर्णायक पल 89वें मिनट में आया, जब वर्षणेय ने बॉक्स में क्रॉस दिया और कोच ने शानदार हेडर से गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।

भाषा आनन्द आनन्द

आनन्द