बलरामपुर, 10 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर राजनीतिक मर्यादा छोड़ने और देश को अराजकता की ओर धकेलने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
बलरामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्षी दल स्थापित मूल्यों और परंपराओं को नुकसान पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल कर राजनीतिक सीमाएं पार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “विरोध की भी अपनी सीमाएं होती हैं। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अब बुनियादी शिष्टाचार तक भूल गए हैं। वे देश को गुमराह करने और सभी स्थापित मूल्यों को त्यागकर देश को अराजकता की ओर धकेलने का प्रयास कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “लेकिन डबल इंजन की सरकार इस अराजकता को स्वीकार नहीं करने जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसी को भी भारत के सम्मान के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “जिस तरह नक्सलवाद को खत्म करने के लिए निर्णायक कदम उठाए गए हैं, उसी तरह भारत की सुरक्षा को चुनौती देने या देश में अराजकता पैदा करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
भाषा
राजेंद्र रवि कांत