कोलकाता, 10 अक्टूबर (भाषा) कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) में परिसर की सुरक्षा को लेकर छात्रों का कक्षाओं का बहिष्कार शनिवार को 11वें दिन भी जारी रहा। परिसर में कई बार हुई झड़पों और टकराव के बाद छात्रों ने यह कदम उठाया है। संस्थान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
छात्र 27 सितंबर से बेहतर सुरक्षा की मांग को लेकर कक्षाओं का बहिष्कार कर रहे हैं। इस दौरान परिसर में हिंसा की कई घटनाएं हुईं और प्रशासन के साथ गतिरोध बना हुआ है।
वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘आज और कल छुट्टी है। दुर्गा पूजा के मद्देनजर कई छात्र पहले ही अपने छात्रावास के कमरे खाली कर चुके हैं, जबकि कुछ छात्र अब भी यहां रुके हुए हैं।’’
एसआरएफटीआई छात्र संघ के प्रवक्ता सुदीप चक्रवर्ती ने कहा कि छात्र अगले ‘‘दो-तीन दिनों’’ में आम सभा की बैठक करेंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘कुलपति संस्थान नहीं आ रहे हैं और परिसर में दक्षिणपंथी ताकतों द्वारा छात्रों पर किए गए हमलों को देखते हुए जब तक हमें सुरक्षा का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक कक्षाओं का बहिष्कार जारी रहेगा।’’
चक्रवर्ती ने कहा कि छात्रों ने दिल्ली में आंदोलन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के प्रति भी एकजुटता जताई है जो मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
भाषा राखी नरेश
नरेश