Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

राजस्थान में पंचायती राज चुनाव की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश

जयपुर, 10 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने आगामी पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव की तैयारियों को लेकर शनिवार को उच्चस्तरीय बैठक की और जिला निर्वाचन अधिकारियों को अधिक मुस्तैदी से तैयारी करने के निर्देश दिए।

निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि राज्य में हाल ही में नगर निकाय आम चुनाव-2026 में 10,245 पदों के लिए चुनाव कराए गए थे, जबकि आगामी पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव में करीब एक लाख 55 हजार पदों पर निर्वाचन होना है। चुनाव का व्यापक दायरा और पदों की अधिक संख्या देखते हुए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता, बेहतर समन्वय और व्यापक तैयारियों के साथ काम करना होगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं, ताकि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में सभी संभागीय आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी (जिलाधिकारी) शामिल हुए।

सिंह ने कहा कि जिस तरह नगर निकाय आम चुनाव-2026 सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक कराए गए, उसी प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता के साथ पंचायती राज चुनाव भी संपन्न कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि चुनाव के व्यापक दायरे को देखते हुए प्रत्येक स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जाए, उसकी नियमित समीक्षा की जाए और सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं।

सिंह ने कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से काम करें तथा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखें।

इससे पहले राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव की प्रक्रिया, नियमों और शर्तों के संबंध में प्रस्तुति दी गई।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत