कोलकाता, 10 अक्टूबर (भाषा) पूर्वी कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन महिला की मौत के बाद उसके शव की उंगलियों पर काटने के निशान मिले, जबकि पलकों और होंठों के कुछ हिस्से कथित तौर पर चूहों द्वारा कुतरे हुए पाए गए। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि माणिकतला ईएसआई अस्पताल में हुई इस घटना की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। समिति यह भी जांच करेगी कि अस्पताल की निगरानी या रखरखाव में कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
अधिकारी के अनुसार, हावड़ा जिले के आंदुल की रहने वाली अल्पना डे करीब छह साल से गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थीं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बृहस्पतिवार को अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया था।
परिजनों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह अस्पताल पहुंचने पर उन्हें महिला की मौत की जानकारी मिली।
शोकाकुल परिवार के एक सदस्य ने कहा, ‘‘शव पर से कपड़ा हटाने पर हम चेहरे और हाथों पर कई चोटों के निशान देखकर सन्न रह गए। पलकों और होंठों के कुछ हिस्से गायब थे, जबकि उंगलियों पर भी चोट के निशान थे। ऐसा लग रहा था कि चूहों ने शव को कुतरा है।’’
अस्पताल के अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक आकलन में चूहों द्वारा शव को कुतरने की आशंका जताई गई है, लेकिन घटना की परिस्थितियां स्पष्ट करने के लिए विस्तृत जांच जरूरी है।
पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि समिति को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि इस घटना के साथ अस्पताल में साफ-सफाई, भोजन सेवाओं और कर्मचारियों के कथित व्यवहार को लेकर मरीजों तथा उनके परिजनों की शिकायतें भी सामने आई हैं। हालांकि, ये शिकायतें महिला की मौत और उसके शव पर मिले चोट के निशानों की जांच से अलग हैं।
भाषा राखी पवनेश
पवनेश