Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

गुरुग्राम में दूसरी मंजिल से नीचे धक्का देकर पत्नी की हत्या करने के आरोप में पति गिरफ्तार

गुरुग्राम, 10 अक्टूबर (भाषा) गुरुग्राम में घरेलू विवाद के बाद मकान की दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे धक्का देकर अपनी पत्नी की हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी धर्मेंद्र उर्फ ​​आकाश (30) को बृहस्पतिवार को मेरठ से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, उन्हें बृहस्पतिवार को सूचना मिली थी कि छत से गिरने के कारण एक महिला को काफी चोटें आईं हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची तो पता चला कि उसे मेरठ के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एक शिकायत में मृतका की मां ने आरोप लगाया कि बुधवार रात बहस के बाद धर्मेंद्र ने उनकी बेटी पल्लवी यादव के साथ मारपीट की और उसे आचार्यपुरी कॉलोनी स्थित घर की दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे धक्का दे दिया।

पुलिस ने बताया शिकायत के आधार पर सेक्टर 14 पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।

उसने बताया कि पल्लवी और धर्मेंद्र की शादी दिसंबर 2024 में हुई थी और वे गुरुग्राम में अलग-अलग निजी कंपनियों में काम करते थे।

गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, “पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि बुधवार रात घरेलू विवाद और बहस के बाद आरोपी ने पल्लवी के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उसे बालकनी से नीचे धक्का दे दिया। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।”

प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पूछताछ के लिए दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश