(फाइल फोटो सहित)
नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर अपनी ‘‘बी-टीम’’ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के साथ मिलकर दिल्ली को ‘‘रणभूमि’’ में बदलने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि राजधानी को बंधक नहीं बनने दिया जाएगा।
जंतर-मंतर पर पुलिस की अभूतपूर्व तैनाती के कारण कॉजपा की मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों को जुटाने की कोशिश नाकाम हो गई। कॉजपा के संयोजक अभिजीत दीपके और पार्टी के नेता सौरव दास तथा आशुतोष रांका को मुंबई से दिल्ली पहुंचने पर हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया।
गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि जनता द्वारा खारिज किए जा चुके गांधी और केजरीवाल अपनी ‘‘बी-टीम’’ के साथ मिलकर दिल्ली को रणभूमि में बदलना चाहते हैं।
गुप्ता ने लिखा, ‘‘ये नेता अपनी लगातार हो रही हार की हताशा जनता पर निकालने पर क्यों तुले हुए हैं? दिल्ली के निवासियों ने ऐसा क्या अपराध किया है कि उन्हें सड़कों पर मचे अराजकता के माहौल से परेशान किया जा रहा है?’’
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की आड़ में अराजकता फैलाने और जनादेश को चुनौती देने की राजनीति का दृढ़ता से मुकाबला किया जाएगा। गुप्ता ने आप संयोजक केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह अपने ‘‘राजनीतिक स्वार्थ’’ के लिए दिल्ली की सुरक्षा और शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप