Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

अनीत पड्डा ने सह-कलाकार नाना पाटेकर को किया याद, कहा- ‘खुशकिस्मत हूं कि उनसे मिलने का मौका मिला’

मुंबई, 10 अक्टूबर (भाषा) अभिनेत्री अनीत पड्डा ने ‘शक्ति शालिनी’ में अपने सह-कलाकार नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें ईमानदार और बेबाक इंसान बताया, जो अपनी शर्तों पर जिंदगी जीते थे।

मैडॉक फिल्म्स की हॉरर-कॉमेडी फिल्मों की दुनिया की अगली कड़ी ‘शक्ति शालिनी’ में ‘सैयारा’ की अभिनेत्री पड्डा के साथ पाटेकर भी नजर आएंगे।

यह फिल्म दिग्गज अभिनेता की आखिरी फिल्मों में से एक होगी। 75 वर्षीय पाटेकर का बृहस्पतिवार को गोवा में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।

पड्डा ने शनिवार शाम अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट में कहा कि अपने करियर की शुरुआत में पाटेकर के साथ काम करने का अवसर ऐसा अनुभव था, जिसे वह जीवन भर संजोकर रखेंगी।

उन्होंने लिखा, ‘‘जब मैं पहली बार नाना पाटेकर सर से मिली, तो मैंने बहुत कम बात की थी। मुझे लगता है कि मैं उस पल को पूरी तरह महसूस कर रही थी। इतने ईमानदार, बेबाक और बिना किसी दिखावे के अपने स्वभाविक रूप में रहने वाले इंसान के सामने बैठना अपने आप में एक अनुभव था।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘वह ऐसे इंसान थे, जिन्होंने अपनी शर्तों पर जिंदगी जी और शोहरत की चकाचौंध के बजाय सादगी को चुना। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि वास्तव में एक अभिनेता होने का क्या अर्थ है। उनकी बातें सुनना, उन्हें काम करते देखना और बस उनके साथ वक्त बिताना भी अपने आप में एक सीख थी, जिसे मैं हमेशा याद रखूंगी।’’

पड्डा ने कहा, ‘‘पीछे मुड़कर देखती हूं तो एहसास होता है कि वे पल कितने अनमोल थे। उनकी आखिरी फिल्मों में से एक में साथ काम करना मेरे लिए आज भी अविश्वसनीय है और मेरे पास इसे बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं। मैं शुक्रगुजार हूं कि उनसे मिलने का मौका मिला, भले ही थोड़े समय के लिए ही सही। यह अनुभव जीवनभर मेरे साथ रहेगा। सर, आपकी आत्मा को शांति मिले।’’

भाषा राखी पवनेश

पवनेश