धार, 10 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को एक कंपनी के कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
पीथमपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक सुनील शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि सेक्टर तीन स्थित रॉयल मार्केटिंग कंपनी के परिसर में सुबह करीब साढ़े 11 बजे आग लगी। कंपनी प्लास्टिक उत्पादों की सफाई और दोबारा पैकिंग का काम करती है।
उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर आसपास की कंपनियों को खाली करा लिया गया और आग को फैलने से रोकने के लिए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया।
शर्मा ने बताया कि पुलिसकर्मियों, दमकल दलों और आसपास की औद्योगिक इकाइयों के अग्निशमन कर्मियों ने मिलकर आग पर काबू पाया।
उन्होंने कहा कि आग लगने के सटीक कारण और इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
भाषा
सं, दिमो रवि कांत