Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

जम्मू में भाजपा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला जलाया

जम्मू, 10 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका और लोकसभा सदस्य अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े विवाद को लेकर गांधी के इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस सांसद अकोइजम को छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में जेएनयू द्वारा बर्खास्त कर दिया गया था।

भाजपा की महिला इकाई की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष सत शर्मा ने किया। इसमें पार्टी के कई नेता शामिल हुए।

प्रदर्शनकारी वजारत मार्ग पर उपायुक्त कार्यालय के पास एकत्र हुए और कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ने लगे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया, जिसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वहीं धरना दिया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी का पुतला भी जलाया।

सत शर्मा ने कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया और विधायी निकायों में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने से जुड़े प्रस्तावित कानून पर कांग्रेस के रुख की भी आलोचना की।

मणिपुर से कांग्रेस सांसद अकोइजम से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए शर्मा ने उन्हें लोकसभा से निष्कासित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब सांसद को जेएनयू से निष्कासित किया जा चुका है तो उनकी संसदीय सदस्यता भी रद्द की जानी चाहिए।

शर्मा ने राहुल गांधी से महिलाओं की गरिमा को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी या तो देश से माफी मांगें या लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा दें।

भाषा

प्रचेता अविनाश

अविनाश