नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) केंद्र सरकार की ओर से किये गए एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित को उप निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया है।
कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार, राजस्थान कैडर के 2010 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी राजपुरोहित को संजय कुमार की जगह 8 अप्रैल 2030 तक के कार्यकाल के लिए इस पद पर नियुक्त किया गया है।
आदेश के अनुसार, 1996 बैच के भारतीय दूरसंचार सेवा के अधिकारी विवेक खरे, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में संयुक्त सचिव होंगे।
मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने संयुक्त सचिव और उसके समकक्ष स्तर पर 27 सिविल सेवकों की नियुक्ति को मंज़ूरी दी है।
रवि शंकर, चित्तरंजन दास, पी मनोज कुमार और अभिषेक भगोटिया को गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
मोहम्मद वाई सफिरुल्ला के और रितु शर्मा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव होंगे।
मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने 9 अक्टूबर के एक अलग आदेश में, उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव गोविंद जायसवाल को उनके मूल कैडर में समय से पहले वापस भेजने के उच्च शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है।
जायसवाल एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के 2007 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश