नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद कांग्रेस सांसद व प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम की जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से बर्खास्तगी को लेकर शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाए।
नवीन ने पूछा कि क्या गांधी मणिपुर से सांसद अकोइजम को पार्टी से निष्कासित करेंगे या अपने नैतिक आक्रोश को केवल 'राजनीतिक सुविधा' के लिए बचाकर रखेंगे।
जेएनयू ने इन आरोपों की जांच में दोषी पाए जाने के बाद शुक्रवार को अकोइजम को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया था। वह जेएनयू के 'स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज' के अंतर्गत 'सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स' में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे।
खबरों के मुताबिक, इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि अकोइजम बैठक के बहाने छात्राओं को परिसर स्थित अपने आवास पर बुलाते थे और उनका शारीरिक उत्पीड़न करने का प्रयास करते थे। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया था कि वह कक्षा में अश्लील और अमर्यादित टिप्पणियां करते थे।
कांग्रेस सांसद के खिलाफ विश्वविद्यालय की इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नवीन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, 'खुद को महिला अधिकारों का हिमायती बताने वालों और 'पितृसत्ता को खत्म करने' का नारा देने वालों का नकाब उतर गया है।'
उन्होंने कहा कि छात्राओं की 'गंभीर शिकायतों' के बाद जेएनयू ने कांग्रेस सांसद को सेवामुक्त कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद विपक्ष पूरी तरह 'चुप्पी साधे हुए' है।
भाजपा अध्यक्ष ने 'एक्स' पर लिखा, 'ऊंचे नारे, चुनिंदा कार्रवाई।' उन्होंने सवाल किया, 'क्या राहुल गांधी अपने ही सांसद से जवाबदेही मांगेंगे और उन्हें पार्टी से बाहर निकालेंगे, या फिर उनका नैतिक आक्रोश सिर्फ राजनीतिक सुविधा तक ही सीमित है?'
भाषा सुमित नरेश
नरेश