Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

आगरा से वाराणसी ले जाई जा रही चांदी की खेप में से 48 किलो की चोरी, पांच गिरफ्तार

आगरा, 10 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने चांदी की 48 किलोग्राम की खेप चोरी करने के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की गई 16 किलोग्राम चांदी बरामद की है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आगरा से वाराणसी बस के जरिए दो क्विंटल चांदी ले जाई जा रही थी, तभी रास्ते में चांदी के 48 किलोग्राम वजन वाले दो बोरे चोरी हो गए।

अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) मनोज कुमार ने बताया कि आजमगढ़ के व्यापारी चंदन सिंह ने 25 अगस्त को आगरा से दो क्विंटल चांदी मंगवाई थी। चांदी की सिल्लियों को छह छोटे बोरों में पैक करके संजय ट्रैवल्स की बस से भेजा जा रहा था।

उन्होंने बताया कि बस इटावा के एक रेस्तरां में रुकी थी, जहां चांदी के दो बोरे चोरी हो गए। इस संबंध में रकाबगंज थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला कि चोरी की साजिश संजय ट्रैवल्स के पूर्व चालक बैजनाथ ने रची थी। उसने करीब एक साल पहले नौकरी छोड़ दी थी, लेकिन उसे चांदी की खेप के बारे में जानकारी थी।

पुलिस ने बताया कि जब बस इटावा के रेस्तरां पर रुकी, तब बैजनाथ के साथी पहले से ही बस में बैठे थे। उन्होंने बस का लॉकर तोड़कर चांदी निकाल ली। योजना के मुताबिक, बस के पीछे एक कार खड़ी थी, जिसमें चांदी लादकर आरोपी फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, अब तक चोरी की गई 48 किलोग्राम चांदी में से 16 किलोग्राम बरामद की जा चुकी है। बाकी चांदी का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत