पीलीभीत, 10 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में शनिवार दोपहर खेत में काम कर रहे एक किसान पर कथित तौर पर झाड़ियों में छिपे बाघ ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घायल किसान महेंद्र पाल (22) खेत की रखवाली कर रहे थे, तभी झाड़ियों में छिपे बाघ ने उन पर झपट्टा मारा। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों से शोर मचाकर उन्हें बाघ के चंगुल से छुड़ाया।
महेंद्र पाल को एंबुलेंस से पूरनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) भरत कुमार ने घटना की पुष्टि की, लेकिन कहा कि वन विभाग ने अभी यह तय नहीं किया है कि हमला बाघ ने ही किया था। उन्होंने बताया कि घटना की जांच कराई जाएगी, जिसके बाद हमलावर जानवर की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची।
ग्रामीणों के अनुसार, घटनास्थल और उसके आसपास का क्षेत्र बाघों की आवाजाही के लिहाज से संवेदनशील है। इसी स्थान पर 12 नवंबर 2025 को पतावोझी गांव निवासी 45 वर्षीय छोटे लाल पर बाघ ने हमला किया था। नवदिया गांव के एक किसान की भी इसी स्थान पर बाघ के हमले में मौत हो गई थी।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत