गुरुग्राम, 10 अक्टूबर (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर 62 में मुठभेड़ के बाद तीन कथित अपराधियों को गिरफ्तार किया है और इस दौरान गोली लगने से दो आरोपी और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे सेक्टर 65 की अपराध इकाई की टीम ने यह सूचना मिलने के बाद नाकाबंदी की थी कि आरोपी लूटपाट की योजना बना रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान एक गोली पुलिस वाहन को लगी, जबकि दूसरी एक पुलिसकर्मी की बांह में लगी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद तीनों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी मरफत उर्फ मारू (32), फूल बाबू शेख (26) और श्रीकुल शेख (37) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 136 ग्राम एमडीएमए, एक पिस्तौल, एक देशी पिस्तौल और कारतूस का एक खाली खोखा बरामद किया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान कुल नौ गोलियां चलीं, जिनमें छह आरोपियों ने और तीन पुलिस ने चलाईं।
पुलिस के अनुसार, मरफत के खिलाफ मारपीट, चोरी, जाली मुद्रा और स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम से जुड़े मामलों समेत चार मामले दर्ज हैं। फूल बाबू शेख के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो और श्रीकुल शेख के खिलाफ एक मामला दर्ज है।
अधिकारी ने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले में फूल बाबू शेख पर इनाम भी घोषित किया गया था। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ सेक्टर 65 थाने में मामला दर्ज किया गया है।
भाषा राखी नरेश
नरेश