Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

पौड़ी में तेंदुए के हमले में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने राजमार्ग जाम किया

पौड़ी, 10 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी जिले के खंडाह क्षेत्र में घास लेने गई 48 वर्षीय महिला की तेंदुए के हमले में मौत के एक दिन बाद शनिवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

गढ़वाल के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) ने हालांकि बताया कि तेंदुए को बेहोश करने और अंतिम विकल्प के तौर पर गोली मारने के आदेश जारी हो चुके हैं।

तरूली गांव में शुक्रवार शाम हुई घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण शुक्रवार देर रात मृतका बीना देवी (48) का शव घर ले आए थे। उनकी मांग थी कि जब तक तेंदुए को मारने के लिखित आदेश जारी नहीं होते, तब तक शव का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर शनिवार सुबह से खंडाह में राजमार्ग जाम कर दिया। जाम खुलवाने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों के साथ तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की भी हुई। इस दौरान वहां से गुजर रहे कुछ बाइक और स्कूटी सवार भी इसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर तनाव बढ़ गया।

हालांकि, काफी समझाने-बुझाने के बाद करीब आधे घंटे में जाम खुलवा दिया गया और यातायात बहाल हो गया।

श्रीनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।

वहीं, गढ़वाल के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में छह ट्रैप कैमरे और दो पिंजरे लगाए गए हैं तथा शूटर तैनात कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि घटना की सूचना शीर्ष अधिकारियों को दे दी गई थी। इसके बाद तेंदुए को बेहोश करने और अंतिम विकल्प के तौर पर गोली मारने के आदेश प्राप्त हो चुके हैं।

भाषा

सं, दीप्ति रवि कांत