पटना, 10 अक्टूबर (भाषा) पटना के एक महिला कॉलेज की प्रोफेसरों ने संस्थान को कथित तौर पर जबरन माता सीता महिला विश्वविद्यालय से संबद्ध किए जाने के विरोध में शनिवार को प्रदर्शन करते हुए मार्च निकाला।
प्रदर्शनकारियों ने बिहार विशेष विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 को भी वापस लेने की मांग की। इस अधिनियम के तहत राज्य में विशिष्ट और बहुविषयक विश्वविद्यालयों की स्थापना का प्रावधान है, जिनके कुलाधिपति मुख्यमंत्री होंगे।
यह मार्च जेडी महिला कॉलेज से शुरू हुआ और इसका समापन लोक भवन पर होना था, लेकिन पुलिस द्वारा कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के बाद इसे बीच में ही रोक दिया गया।
पटना की एसडीएम कृतिका मिश्रा ने कहा, ‘‘सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने और यातायात बाधित होने के कारण पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। अन्य प्रदर्शनकारियों को समझाया गया और उनसे उचित तरीके से संबंधित मंच पर अपनी मांगें रखने को कहा गया।’’
मिश्रा ने कहा कि प्रशासन के लगातार प्रयासों के बावजूद प्रदर्शनकारी अपनी मांगें रखने के लिए प्रतिनिधिमंडल भेजने को तैयार नहीं थे। उन्होंने कहा कि कई घंटे तक समझाने-बुझाने के प्रयासों के बाद प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
जेडी महिला कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग की मीनू गुप्ता ने ‘पीटीआई वीडियो’ सेवा से कहा, ‘‘बिहार विशेष विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 हमारी मौजूदा सेवा शर्तों और नियमों के विपरीत है। हम इसे वापस लेने की मांग करते हैं। हमारी सेवा शर्तें बरकरार रहनी चाहिए। हम माता सीता विश्वविद्यालय के विरोध में नहीं हैं, लेकिन पाटलीपुत्र विश्वविद्यालय के अधीन ही रहना चाहते हैं।’’
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश