नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने शनिवार को घोषणा की कि वह अपनी नयी कार्यकारी परिषद का चुनाव पांच दिसंबर को करेगा जिसके लिये शनिवार को संजय कुमार श्रीवास्तव को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है ।
श्रीवास्तव दिल्ली और चंडीगढ के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त हैं ।
नयी कार्यकारी परिषद के सदस्यों का कार्यकाल चार वर्ष (2026 से 2030) का होगा ।
आईओए ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम 2025 , राष्ट्रीय खेल प्रशासन (राष्ट्रीय खेल निकाय) नियमों ,2026, आईओए के संशोधित संविधान और आईओए चुनाव के उप नियमों और नियमों के तहत पूरी की जायेगी ।
इसने कहा कि चुनाव अधिकारी की निगरानी में एथलीट आयोग, उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ी (एसओएम) और आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव होंगे ।
आईओए ने एक बयान में कहा ,‘‘ आईओए ने संजय कुमार श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी , पूर्व चुनाव आयुक्त , दिल्ली और चंडीगढ, को 2026 चुनाव के लिये चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है । वह एथलीट आयोग, उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ी (एसओएम) और आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव करायेंगे ।’’
2022 में आईओए के चुनाव में 77 सदस्यीय निर्वाचन मंडल में ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू, गगन नारंग, साक्षी मलिक, योगेश्वर दत्त और एम एम सोमैया थे । सदस्यों में 25 प्रतिशत के करीब मौजूदा या पूर्व खिलाड़ी थे ।
इन 77 सदस्यों में से 66 को 33 राष्ट्रीय खेल महासंघों ने नामित किया था , आठ एसओएम, दो एथलीट आयोग से और एक अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की भारत में सदस्य नीता अंबानी थी । उस निर्वाचन मंडल में महिला सदस्य 39 और पुरूष 38 थे ।
एसओएम चुनाव की प्रक्रिया 18 सितंबर को शुरू हो गई थी जिसके लिये योग्य उम्मीदवार 18 अक्टूबर तक आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकते हैं । इसके बाद राष्ट्रीय खेल प्रशासन ढांचे के तहत पात्रता और स्तरीय मानदंडों के अनुरूप रोस्टर तैयार किया जाएगा।
चुनाव अधिकारी ने 2026-2030 के लिए आईओए एथलीट आयोग के चुनावों की भी सूचना दी है, जिसमें तीन नवंबर को मतदान, मतगणना और नतीजों की घोषणा तय है।
आईओए ने कहा ,‘‘ योग्य एनएसएफ सदस्य 11 अक्टूबर 2026 को दोपहर दो बजे तक अपने दो खिलाड़ी प्रतिनिधियों को एथलीट आयोग के लिये नामांकित कर सकते हैं । आयोग में पांच पुरूष और पांच महिला सदस्य होंगे । नियमों के अनुसार ओलंपिक श्रेणी के खिलाड़ियों और बड़ी स्पर्धाओं में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों के लिये अलग प्रतिनिधित्व का प्रावधान है ।’’
पांच दिसंबर को आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव के साथ प्रक्रिया पूरी होगी ।
आईओए एथलीट आयोग के 10 चयनित सदस्यों में से छह (तीन पुरूष और तीन महिला) को चुनाव के समय तक कम से कम पिछले तीन में से एक ओलंपिक में भाग लिया होना चाहिये । बाकी चार सदस्यों (दो पुरूष और दो महिला) का चुनाव के समय तक पिछले तीन एशियाई खेलों या राष्ट्रमंडल खेलों या विश्व चैम्पियनशिप या विश्व कप या राष्ट्रीय खेलों में कम से कम एक पदक होना अनिवार्य है ।
इन दस चयनित सदस्यों के अलावा जापान में एशियाई खेलों के दौरान एशियाई ओलंपिक परिषद के एथलीट आयोग की सदस्य चुनी गई ट्रैप निशानेबाज राजेश्वरी कुमारी भी मतदान के अधिकार के साथ आईओए एथलीट आयोग की पदेन सदस्य होंगी ।
आईओए अध्यक्ष पी टी उषा ने अच्छे प्रशासन को मजबूत बनाने के संगठन के प्रयासों की दिशा में इसे अहम कदम बताया ।
उन्होंने कहा ,‘‘ 2026 के चुनाव भारतीय ओलंपिक आंदोलन में अच्छे प्रशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने में एक अहम मील का पत्थर हैं। हमारा मकसद मजबूत, भरोसेमंद और खिलाड़ियों पर केंद्रित संस्थान बनाना है, जो ओलंपिक चार्टर के अनुरूप हो ।’’
उषा 10 दिसंबर 2022 को आईओए अध्यक्ष बनी थी और निर्विरोध चुनी गई थी । वह आईओए अध्यक्ष पद पर काबिज होने वाली पहली महिला भी थी ।
भाषा
मोना आनन्द
आनन्द