Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

कॉजपा के समर्थन में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन, करीब 200 लोग हिरासत में

मुंबई, 10 अक्टूबर (भाषा) पुलिस ने नयी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन करने के आरोप में सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी के नेतृत्व वाले संगठन और माकपा के समर्थकों समेत करीब 200 लोगों को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) के कई कार्यकर्ताओं को दक्षिण मुंबई के हुतात्मा चौक के पास कॉजपा के समर्थन में प्रदर्शन करते समय हिरासत में लिया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में तुषार गांधी के नेतृत्व वाले ‘हम भारत के लोग’ संगठन के सदस्यों और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के कार्यकर्ताओं समेत सैकड़ों लोग बिना अनुमति के एकत्र हुए थे। प्रदर्शन करने के आरोप में उनमें से करीब 200 लोगों को हिरासत में लिया गया।

उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

प्रदर्शनकारियों में शामिल रुबैद भोजानी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को ‘‘बहुत बेरहमी से’’ हिरासत में लिया।

भोजानी ने कहा, ‘‘हमने प्रधानमंत्री को वोट दिया था, लेकिन उन्होंने हमें धोखा दिया। हम मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हैं।’’

इससे पहले दिन में महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी को बांद्रा से हिरासत में लेकर डी. एन. नगर पुलिस थाने ले जाया गया। बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर एकत्र हुए। शिवसेना (उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे भी पुलिस थाने पहुंचे।

‘हम भारत के लोग’ संगठन का नेतृत्व करने वाले गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पोस्टर साझा कर नागरिकों से अपराह्न साढ़े तीन बजे अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।

कार्यकर्ता फिरोज मिथिबोरवाला को भी उनके आवास से हिरासत में लेकर एमआईडीसी पुलिस थाने ले जाया गया।

इस बीच, कॉजपा के सदस्यों को प्रदर्शन करने से रोकने के लिए दादर के शिवाजी पार्क में महिला अधिकारियों समेत अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

मुंबई के अन्य स्थानों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि मुंबई उच्च न्यायालय के एक आदेश के अनुसार अगस्त क्रांति मैदान को प्रदर्शन स्थल के रूप में निर्धारित नहीं किया गया है।

उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कार्रवाई की गई।

कॉजपा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कथित अनियमितताओं और मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 से संबंधित बदलावों के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है।

भाषा

राखी नरेश

नरेश